अब तक 14 हजार 404 मामले: शुक्रवार को 1 दिन में सबसे ज्यादा 304 मरीज ठीक हुए; एक दिन पहले 259 संक्रमित स्वस्थ हुए थे

देश में लगातार दूसरे दिन कोरोनावायरस के रिकॉर्ड मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौटे।किसी एक दिन में सबसे ज्यादा 304 संक्रमित शुक्रवार को अस्पताल से डिस्चार्ज हुए। एक दिन पहले भी 259 मरीज ठीक हुए थे। तमिलनाडु में शुक्रवार को 103 मरीज स्वस्थ हुए। इसके बाद इंदौर रहा। यहां 35 लोग कोरोना के खिलाफ जंग जीतने में कामयाब रहे। इनमें से 34 शहर के जबकि एक अन्य खरगोन का मरीज है। अच्छी बात यह रही है कि शुक्रवार को शहर में कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई।
इसके अलावा महाराष्ट्र में 31, हरियाणा में 21, दिल्ली में 20 और राजस्थान में 19 मरीज स्वस्थ हुए। राजस्थान में कोरोना का एपिसेंटर रहे भीलवाड़ा में अब सभी कोरोना मरीज ठीक हो गए हैं। यहां के अस्पताल में भर्ती आखिरी दो रोगी भी स्वस्थ हो गए। इन्हें शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई है। भीलवाड़ा में अब तक 28 केस आए थे, जिनमें से 26 ठीक हो गए जबकि 2 की मौत हुई। यह आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं।
देश में 1 हजार 766 कोरोना मरीज ठीक हुए: स्वास्थ्य मंत्रालय
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक 13 हजार 835 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें 11 हजार 616 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 1 हजार 766 ठीक हो चुके हैं। अब तक 452 मौतें हुई हैं।
5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
दिन | मामले |
13 अप्रैल | 1242 |
16अप्रैल | 1059 |
14अप्रैल | 1033 |
15अप्रैल | 881 |
10अप्रैल | 871 |
27 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस अब तक देश के 27 राज्यों में पैर पसार चुका है। वहीं, देश के 7 केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) में भी यह संक्रमण पहुंच चुका है। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, दादरा एवं नगर हवेली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
राज्य | कितने संक्रमित | कितने ठीक हुए | कितनी मौत |
महाराष्ट्र | 3320 | 331 | 201 |
दिल्ली | 1707 | 86 | 42 |
तमिलनाडु | 1323 | 283 | 15 |
मध्यप्रदेश | 1351 | 70 | 69 |
राजस्थान | 1229 | 183 | 17 |
गुजरात | 1099 | 86 | 41 |
उत्तरप्रदेश | 849 | 82 | 14 |
तेलंगाना | 766 | 187 | 18 |
आंध्रप्रदेश | 572 | 35 | 14 |
केरल | 395 | 255 | 3 |
कर्नाटक | 359 | 88 | 13 |
जम्मू-कश्मीर | 328 | 42 | 5 |
पश्चिम बंगाल | 255 | 51 | 10 |
हरियाणा | 223 | 86 | 4 |
पंजाब | 211 | 30 | 14 |
बिहार | 85 | 37 | 2 |
ओडिशा | 60 | 21 | 1 |
उत्तराखंड | 40 | 9 | 0 |
हिमाचल प्रदेश | 38 | 12 | 2 |
असम | 34 | 5 | 1 |
छत्तीसगढ़ | 36 | 24 | 0 |
झारखंड | 34 | 0 | 2 |
चंडीगढ़ | 29 | 9 | 2 |
लद्दाख | 18 | 14 | 0 |
अंडमान-निकोबार | 12 | 11 | 0 |
मेघालय | 9 | 0 | 1 |
गोवा | 7 | 6 | 0 |
पुडुचेरी | 7 | 1 | 0 |
मणिपुर | 2 | 1 | 0 |
त्रिपुरा | 2 | 1 | 0 |
अरुणाचल प्रदेश | 1 | 1 | 0 |
दादरा एवं नगर हवेली | 1 | 0 | 0 |
मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
नगालैंड | 1 | 0 | 0 |
यह आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक 13 हजार 835 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें 11 हजार 616 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 हजार 766 ठीक हो चुके हैं। अब तक 468 मौतें हुई हैं।
6 राज्य, 1 केंद्र शासित प्रदेश के हाल
- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 1351: इंदौर में शुक्रवार को कोरोना के 50 नए मामले आए। इसके साथ शहर में संक्रमितों की संख्या 892 हो गई। संक्रमितों के मामले में 196 मरीजों के साथ भोपाल दूसरे नंबर पर है। आईआईएम इंदौर के साथ शोध कर रहे अमेरिका के कुछ विशेषज्ञों का अनुमान है कि राज्य सरकार ने सख्त कदम नहीं उठाए तो मई के अंत तक प्रदेश में 50 हजार संक्रमित होंगे।

- महाराष्ट्र, संक्रमित- 3320: राज्य में शुक्रवार को 118 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। राज्य में 1 मार्च से 15 अप्रैल के बीच कुल 56 हजार 673 लोगों की कोरोना जांच हुई। इनमें से 52 हजार 762 टेस्ट निगेटिव आए। राज्य में शुक्रवार को 7 मरीजों की मौत हुई। इसमें से मुंबई में 5 और पुणे में 2 लोगों ने दम तोड़ा। इसके साथ ही मुंबई में इस वायरस से मरने वालों का आंकड़ा 121 हो गया।

- राजस्थान, संक्रमित 1229: राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के 98 नए केस आए। इनमें से जोधपुर में 28, टोंक में 13, कोटा में 6 और जयपुर में 6 मरीज मिले। यहां गुरुवार को 55 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थीं।
- उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 849: अब तक राज्य के 49 जिलों में कोरोना के मामले सामने आ चुके हैं। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को बताया कि एक दिन पहले 2 हजार 962 लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए थे जबकि 74 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। अभी भी 993 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। वहीं, 10 हजार 714 लोग क्वारैंटाइन में भेजे गए हैं। राज्य में सबसे ज्यादा 196 संक्रमित आगरा में हैं।

- बिहार, संक्रमित-85: बिहार में कोरोनावायरस से शुक्रवार को दूसरी मौत हो गई। एम्स में भर्ती वैशाली के 35 साल के युवक ने दम तोड़ दिया। 15 अप्रैल को युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। राज्य में सीवान जिला कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित है। यहां 29 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
- गुजरात, संक्रमित- 1099: राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के 170 नए मामले सामने आए। केंद्र सरकार ने कोरोना की जांच के लिए गुजरात को 24 हजार रैपिड टेस्टिंग किट दी है। इससे कंटेनमेंट जोन में तेजी से जांच करने में मदद मिलेगी। यहां सबसे ज्यादा 590 मरीज अहमदाबाद में हैं। शहर में पिछले 5 दिन में 302 मामले सामने आए हैं। राज्य में गुरुवार को संक्रमण के 163 मामले आए। इनमें से अहमदाबाद में 95, सूरत में 37 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं।
- दिल्ली, संक्रमित- 1707: दिल्ली में शुक्रवार को 67 नए मामले सामने आए। इस बीच, केजरीवाल सरकार ने फैसला किया है कि कोरोना संकट के बीच किसी भी स्कूल को फीस बढ़ाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। स्कूल 3 महीने की फीस नहीं मांगेंगे। सिर्फ एक महीने की ट्यूशन फीस मांग सकते हैं। आनलाइन एजुकेशन सभी छात्रों को दी जाएगी, भले ही उनके माता-पिता फीस न भर पाएं।
गृह मंत्रालय ने राज्यों को रोहिंग्या मुसलमानों की स्क्रीनिंग के लिए कहा
इधर, कोरोनावायरस की रोकथाम के लिए गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों से अपने यहां रह रहे रोहिंग्या मुसलमानों की स्क्रीनिंग करने के लिए कहा है। इस संबंध में एक चिठ्ठी लिखी गई है। इसमें कहा गया है कि बड़ी संख्या में रोहिंग्या भी तब्लीगी जमात के मरकज में शामिल हुए थे। ऐसे में इनकी जांच जरूरी है। गृह मंत्रालय ने नई दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हरियाणा की सरकारों से इनकी लोकेशन भी साझा की है।
चीन से आई 63 हजार पीपीई किट तय मानकों के मुताबिक नहीं पाई गईं
स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि चीन से आई 63 हजार पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) किट तय मानकों के मुताबिक नहीं पाई गईं। इससे पहले, दिन में सरकार के मंत्रालयों की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया था कि मई तक देश में ही 10 लाख रैपिड टेस्ट किट बना ली जाएंगी। पीपीई और वेंटिलेंटर्स के लिए भी स्वेदशी डिजाइन तैयार किया जा रहा है। एक दिन पहले चीन से आई 5 लाख रैपिड टेस्टिंग किट राज्यों को सौंप दी गई हैं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cpOuHR
via Source